झारखंड कैबिनेट की आज होने वाली बैठक स्थगित, विधानसभा के विशेष सत्र समेत कई अहम प्रस्तावों पर होना था फैसलाBy Mid Time Bureau Wed, 07 October 2026 03:18 PM

Ranchi: झारखंड मंत्रिपरिषद की बुधवार, 7 अक्टूबर को होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से इस संबंध में जानकारी जारी की गई है। विभाग के मुताबिक, अपरिहार्य कारणों से बुधवार को प्रस्तावित मंत्रिपरिषद की बैठक को स्थगित किया गया है।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित थी। इनमें विधानसभा के विशेष सत्र के आयोजन से जुड़ा फैसला भी शामिल था। एमएमडीआर एक्ट पर चर्चा के लिए विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाने के प्रस्ताव पर भी विचार किए जाने की संभावना थी।


इसके अलावा झारखंड लोक सेवा आयोग यानी जेपीएससी के अध्यक्ष और सदस्यों के मनोनयन से जुड़े प्रस्ताव पर भी कैबिनेट में चर्चा होनी थी। बैठक के एजेंडे में तीन दर्जन से अधिक प्रस्ताव शामिल होने की बात सामने आई थी।
हालांकि, बैठक स्थगित होने के बाद इन सभी प्रस्तावों पर आज कोई फैसला नहीं हो सका। अब कैबिनेट की अगली बैठक की तारीख और उसमें शामिल होने वाले एजेंडे को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।