
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मोरहाबादी स्थित आवास पर रखा गया था, जहां परिवार के सदस्यों के साथ झामुमो नेताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा।
अंतिम दर्शन के बाद रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए रांची से उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ के लिए रवाना हो गया है। नेमरा में आज उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
इससे पहले मोरहाबादी स्थित गुरुजी आवास पर रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए कई नेता पहुंचे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बेरमो विधायक अनूप सिंह और पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भी अंतिम दर्शन कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो भी मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचे और रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अब रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया गया है, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

