कांके में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और जिंदा गोली बरामदBy Mid Time Bureau Thu, 08 October 2026 02:49 PM

रांची: कांके थाना पुलिस ने हथियार बरामदगी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 7.65 एमएम की एक देसी पिस्टल, एक जिंदा गोली और मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान दो किशोरों को भी पुलिस ने पकड़ा है।


पुलिस के अनुसार, ग्राम मनातु निवासी बबलू नायक ने 5 अक्टूबर को लिखित शिकायत दी थी कि हेमंत मुंडा और दो अन्य युवकों ने उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सनहा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही थी।


इसी क्रम में 7 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास कुछ संदिग्ध लोग खड़े हैं। सूचना के बाद कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस ने वहां से हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा (21), पिता सरहुल मुंडा, निवासी होचर तथा दो किशोरों को पकड़ा।


तलाशी के दौरान हेमंत मुंडा के पास से 7.65 एमएम की देसी पिस्टल, एक जिंदा गोली, जिस पर KF 7.65 अंकित है, और रेडमी नोट प्रो मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं, एक अन्य किशोर के पास से रियलमी 5 प्रो मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया।


मामले में कांके थाना कांड संख्या 206/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026, आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


छापेमारी टीम में कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक तंजील खान, अरविन्द कुमार, सतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक भीम सिंह समेत कांके थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।