
झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय 9 अक्टूबर को जमशेदपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे विद्युत आपूर्ति क्षेत्र जमशेदपुर से जुड़े विद्युतकर्मियों और मानव दिवस कर्मियों की लंबित समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक से मुलाकात कर बातचीत करेंगे।
अजय राय के दौरे का उद्देश्य लंबे समय से लंबित श्रमिक समस्याओं को विभाग के सामने रखना और उनके समाधान के लिए पहल करना है। बैठक में मानव दिवस कर्मियों के बकाया मानदेय, भुगतान में देरी, सेवा से संबंधित परेशानियों, कार्यस्थल पर सुरक्षा और अन्य श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
संघ की ओर से महाप्रबंधक के समक्ष कर्मियों की समस्याएं रखते हुए जल्द समाधान की मांग की जाएगी। अजय राय का कहना है कि राज्य की विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मानव दिवस समेत सभी विद्युतकर्मियों की अहम भूमिका है। विपरीत परिस्थितियों में भी कर्मचारी लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ विद्युतकर्मियों के अधिकार, सम्मान और हितों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहा है। वार्ता के जरिए लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा और किसी भी कर्मी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।