वरिष्ठ पत्रकार बिनय कुमार की पत्नी प्रेमलता कुमारी का निधन, पत्रकारिता जगत में शोकBy Mid Time Bureau Thu, 08 October 2026 07:19 PM

वरिष्ठ पत्रकार और यूएनआई-वार्ता के बिहार एवं झारखंड स्टेट कोऑर्डिनेटर बिनय कुमार की पत्नी प्रेमलता कुमारी का गुरुवार सुबह रांची के पारस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 58 वर्ष की थीं और लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं।

प्रेमलता कुमारी शिक्षित और धर्मपरायण महिला थीं। उनका मायका झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार में था, जबकि उनका ससुराल बिहार के जमुई में है।

निधन के बाद गुरुवार को रांची के हरमू मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के मुताबिक, आगे के संस्कार बिनय कुमार के पैतृक स्थान जमुई में संपन्न किए जाएंगे।

प्रेमलता कुमारी अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत और परिचितों के बीच शोक की लहर है।

पत्रकारों और बिनय कुमार के सहयोगियों ने प्रेमलता कुमारी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।