बोकारो के वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौतBy IANS Sun, 11 October 2026 07:18 PM

Photo: IANS

झारखंड के बोकारो जिले में वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट में रविवार को संदिग्ध गैस रिसाव की घटना में दो कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसा सियालजोरी थाना क्षेत्र स्थित प्लांट की ब्लास्ट फर्नेस-1 में हुआ, जहां काम करने के दौरान दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारी किसी जहरीली गैस की चपेट में आ गए थे। हालांकि, उनकी मौत के वास्तविक कारण और गैस के प्रकार की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में की गई है।

कंपनी प्रबंधन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मृतकों में एक कंपनी का अधिकारी था, जबकि दूसरा कारोबारी साझेदार के अधीन इंजीनियर के रूप में कार्यरत था।

कंपनी ने बताया कि कथित गैस के संपर्क में आने के बाद दोनों कर्मचारियों की प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच की गई और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों कर्मचारी किस गैस की चपेट में आए थे और क्या हादसे के पीछे सुरक्षा मानकों में किसी तरह की चूक थी। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

इस बीच, ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने कहा कि इस मुश्किल समय में दोनों परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग दिया जा रहा है।

कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कड़े कदम उठाए जाएंगे।