जनाक्रोश के बीच ज्ञानेश कुमार का पद पर बने रहना अनैतिक : शशि भूषण रायBy Mid Time Bureau Sun, 11 October 2026 07:46 PM

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश महासचिव शशि भूषण राय ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पद पर बने रहने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश में जारी विवादों और विरोध के बीच ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

शशि भूषण राय ने आरोप लगाया कि चुनावी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त का संवैधानिक पद पर बने रहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इतने विवादों और विरोध के बावजूद पद पर बने रहना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

कांग्रेस नेता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि देश के चुनावी तंत्र की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवाल लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

शशि भूषण राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के संकल्प के साथ अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता से जुड़े सवालों पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी और लोकतंत्र में जनता का विश्वास बहाल करने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।