
जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जामताड़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड और एक बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के भीम मंडल और कुरबान अंसारी तथा करमाटांड़ के मो. मोजाहिद अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
APK फाइल डाउनलोड करवाकर करते थे ठगी
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को बिल अपडेट करने के नाम पर उनके मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके अलावा, विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद कराने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस के मुताबिक, APK फाइल इंस्टॉल करवाने के बाद आरोपी क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर लोगों के खातों से पैसे निकाल लेते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। भीम मंडल के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 49/24 और नारायणपुर थाना कांड संख्या 62/15 के तहत मामले दर्ज हैं। वहीं, मो. जावेद अंसारी के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 58/19 और कुरबान अंसारी के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 28/23 दर्ज है।
छापेमारी अभियान में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अधिकारी अमित खिवारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।