दुर्गा पूजा पंडालों की तैयारियों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देशBy Mid Time Bureau Mon, 12 October 2026 06:00 PM

रांची: दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार, 12 अक्टूबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नालियों की सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमपीडीआई, पंडरा स्थित महावीर मंदिर, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति धुर्वा, धुर्वा बस स्टैंड के समीप स्थित पूजा पंडाल और वार्ड संख्या 48 के छप्पन सेठ सहित विभिन्न क्षेत्रों में तैयारियों की समीक्षा की गई।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। पूजा समितियों की ओर से पथ प्रकाश, स्टोन डस्ट की उपलब्धता और पेड़ों की छंटाई जैसी समस्याएं उठाए जाने पर उन्होंने इनके त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने निगम के अधिकारियों और अंचल स्तर की टीमों को आपसी समन्वय के साथ पंडाल पट्ट के उद्घाटन से पहले शेष कार्य पूरे करने को कहा।

स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष जोर

नगर आयुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षा मानकों का पालन करने और स्वयंसेवकों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य करने का निर्देश दिया। इसके अलावा प्रवेश और निकास के रास्तों की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा महोत्सव को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम की पूरी टीम सक्रिय है। पूजा समितियों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने पूजा समितियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

नगर निगम ने बताया कि किसी भी समस्या या सहायता के लिए कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर *1800-570-1235* चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा।