
रांची: जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों मिथलेश कुमार पांडेय और मनु कुमार सिंह को अदालत से राहत नहीं मिली। अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत ने दोनों की जमानत याचिका खारिज कर दी।
सीआईडी ने मिथलेश कुमार पांडेय को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था, जबकि मनु कुमार सिंह की गिरफ्तारी 5 अक्टूबर को हुई थी। दोनों आरोपियों ने 5 अक्टूबर को जमानत के लिए अदालत में याचिका दाखिल की थी।
दोनों पर कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित तरीके से मदद पहुंचाने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने धनबाद और बोकारो में अभ्यर्थियों को प्रश्न और उत्तर रटवाए थे। इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है। अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।