
Ranchi: रांची के गेतलातू स्थित देवी-दर्शन वैष्णो धाम में नवरात्रि के दौरान 1111 कलशों की स्थापना आस्था का विशेष केंद्र बनी हुई है। पिछले 15 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत श्रीवैष्णवी शिव राम सेवा संस्थान के तत्वावधान में देवी-दर्शन महायज्ञ महोत्सव समिति की ओर से विजयादशमी के अवसर पर जनकल्याण के लिए सामूहिक कलश स्थापना का आयोजन किया जाता है। यहां की मान्यता है कि सच्चे मन से संकल्प लेकर कलश स्थापना करने पर मनोकामना पूरी होती है।
श्रद्धालुओं को सभी कलशों के दर्शन और पूजन की सुविधा देने के लिए विशेष मंडप तैयार किया जाता है। इसे तीन भागों में बांटा जाता है। पहले भाग में 1111 कलश स्थापित किए जाते हैं, दूसरे भाग में आचार्य, पुरोहित और मुख्य यजमान के लिए व्यवस्था रहती है, जबकि तीसरे भाग में संकल्प लेने वाले श्रद्धालु सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करते हैं।
इस महोत्सव के दौरान कलश स्थापना के साथ दुर्गा सप्तशती का नित्य पाठ, नवाह पाठ, सुबह-शाम महाआरती और सामूहिक हवन किया जाता है। इसके अलावा कुंवारी कन्या पूजन, भव्य भंडारा, जागरण और नृत्य-नाटिका जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं।
15 वर्षों से जारी यह आयोजन नवरात्रि की धार्मिक परंपराओं और सामूहिक आस्था को एक साथ जोड़ता है। इस दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना करते हैं और अपने परिवार की सुख-शांति व मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना करते हैं।