गुमला की दीपिका ने बढ़ाया झारखंड का मान, भारतीय टीम ने एशियन कप के लिए किया क्वालीफाईBy Mid Time Bureau Tue, 13 October 2026 06:21 PM

झारखंड की बेटियां एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। गुमला की दीपिका कुमारी ने भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम के लिए खेलते हुए जिले का नाम रोशन किया है। एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2027 के लिए भारतीय टीम ने क्वालीफाई कर लिया है। इस कामयाबी के बाद जब दीपिका गुमला लौटीं, तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। जिले के खेल प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चीन में आयोजित होने वाले एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2027 में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम ने मलेशिया में 5 से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित त्रिकोणीय क्वालीफायर मुकाबलों में हिस्सा लिया। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मैच जीते। इस अभियान में झारखंड की दो खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। इनमें गुमला के आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर स्टेडियम की दीपिका कुमारी और रांची की अनुष्का कुमारी शामिल थीं।

भारतीय टीम ने क्वालीफायर की शुरुआत इराक के खिलाफ 14-0 की बड़ी जीत के साथ की। इसके बाद सीरिया को 2-0 से हराया। वहीं, निर्णायक मुकाबले में मेजबान मलेशिया को 4-0 से शिकस्त देकर एशियन कप 2027 का टिकट पक्का कर लिया।

भारतीय टीम की इस सफलता से देश के साथ-साथ झारखंड और गुमला का गौरव भी बढ़ा है। खास तौर पर दीपिका की उपलब्धि जिले की उभरती फुटबॉल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का हिस्सा बनने के बाद गुमला लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उनकी सफलता से जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह है।

दीपिका की इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी ने उन्हें बधाई देते हुए बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य फादर नोवर मिंज, शिक्षकगण और जिले के खेल प्रेमियों ने भी उनकी सफलता पर खुशी जताई।

दीपिका कुमारी की यह कामयाबी बताती है कि सही प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के दम पर छोटे शहरों और जिलों की खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी उपलब्धि से गुमला की दूसरी बालिकाओं को भी फुटबॉल सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने और देश का प्रतिनिधित्व करने की प्रेरणा मिलेगी।