रामगढ़-बोकारो मार्ग पर भीषण हादसा, बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायलBy Mid Time Bureau Tue, 13 October 2026 07:17 PM

रामगढ़-बोकारो मार्ग पर सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना चौपादारू घाटी में इंडियन पेट्रोल पंप के पास हुई। घायलों की पहचान चौपादारू गांव के रहने वाले गणेश सिंह और संजय कुमार सिंह के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक वाहन की चपेट में आने से हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए गोला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।

वहीं, रेफर किए जाने के बाद घायलों को दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से परिजनों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल से दो एंबुलेंस भेजी गई हैं, जबकि एक एंबुलेंस को आपातकालीन जरूरतों के लिए सुरक्षित रखा गया है। फिलहाल, दोनों घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।