
रांची में राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा की पहल पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों और स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया गया। इस दौरान समाज के बीच रहकर सेवा करने वाली महिलाओं के अनुभवों को सुना गया और उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहनों की जिम्मेदारियों पर विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के पोषण, शुरुआती शिक्षा, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और संस्कार निर्माण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। वहीं, आशा बहनें ग्रामीण इलाकों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाओं से सीधा संवाद करना, उनकी समस्याओं और अनुभवों को समझना तथा उनके सेवाभाव के प्रति सम्मान प्रकट करना रहा। वक्ताओं के मुताबिक, ऐसे आयोजन समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने के साथ जनसेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि माताओं और बहनों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद जनसेवा के लिए प्रेरणा का काम करता है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सम्मान और जनकल्याण की भावना पहुंचाना इस संकल्प का प्रमुख उद्देश्य बताया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अजय राय, भाजपा नेता अमित नाथ चरण, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुक्तिनाथ मिश्रा, मंडल महामंत्री मनसा महतो, मंडल उपाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव और के.डी. सिंह, मंडल मंत्री मिकी महतो, ग्राम प्रधान सरा पहन, वार्ड सदस्य अमित रंजन पांडेय सहित रतनू कुजूर, राजेश यादव, गणेश सिंह, अरविंद सिंह, अमर कच्छप, ज्योति देवी, अनुपा मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
