
रांची। फिरायालाल चौक स्थित शास्त्री मार्केट के समीप बैरिकेडिंग के अंदर व्हाइट लाइन में खड़े दोपहिया वाहनों का लगातार चालान काटे जाने पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चिंता जताई है। इस संबंध में चैंबर ने ट्रैफिक एसपी को पत्र लिखकर त्योहारी सीजन के दौरान अनावश्यक चालान की कार्रवाई से राहत देने की मांग की है।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि शास्त्री मार्केट के दुकानदारों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि बैरिकेडिंग के अंदर व्हाइट लाइन के भीतर वाहन पार्क करने के बावजूद यातायात पुलिस द्वारा चालान काटा जा रहा है। इससे बाजार में ग्राहकों का आवागमन कम हो रहा है और दुकानदारों के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में त्योहारी सीजन चल रहा है, जो व्यापारियों के लिए साल की सबसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवधियों में से एक है। ऐसे में खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले ग्राहकों को अनावश्यक परेशानी होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
इस समस्या को लेकर शहर के अन्य क्षेत्रों से भी मिल रही शिकायतों के मद्देनजर मंगलवार को चैंबर भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मांग की गई कि व्हाइट लाइन के भीतर निर्धारित स्थान पर खड़े वाहनों के खिलाफ अनावश्यक चालान की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए, ताकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों को भी त्योहारी सीजन में राहत मिल सके।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, सह सचिव अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग उपस्थित थे।