पतरातू में राज्यपाल का दौरा, शहीद राम प्रसाद महतो को श्रद्धांजलि और स्वतंत्रता सेनानी के वंशज सम्मानितBy Mid Time Bureau Wed, 14 October 2026 05:49 PM

राज्यपाल संतोष गंगवार ने पतरातू के तीन गांवों में एकल विद्यालयों का किया दौरा, बच्चों से की बातचीत

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड के राजाबेड़ा, बरतुआ और ईचापिरी गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एकल अभियान के तहत संचालित विद्यालयों का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, संस्कार शिक्षा तथा पंचमुखी शिक्षा की जानकारी ली। दौरे का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयासों को समझना रहा।

राज्यपाल ने ग्रामीणों और ग्राम समितियों के सदस्यों से भी संवाद किया। इस दौरान गांवों में शिक्षा और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में पालू पंचायत के पूर्व मुखिया गंगाधर महतो समेत क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

बरतुआ में शहीद राम प्रसाद महतो को दी श्रद्धांजलि

बरतुआ गांव पहुंचने पर राज्यपाल ने शहीद राम प्रसाद महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने गौ माता को चारा खिलाया और शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सुख, शांति और आपसी सौहार्द की कामना की।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व क्षेत्रीय संचालक सिद्धनाथ सिंह ने राज्यपाल को एक पुस्तक भेंट की। वहीं, शहीद परिवार के वंशज कामेश्वर महतो और समाजसेवा में सक्रिय मोरनाथ महतो तथा वकील महतो को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पतरातू संच के सचिव सह मुखिया किशोर कुमार महतो ने किया।

ईचापिरी में स्वतंत्रता सेनानी के वंशजों का सम्मान

ईचापिरी गांव में राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानी खैर मांझी के वंशज दुर्गा मांझी सहित परिवार के अन्य सदस्यों को सम्मानित किया। इस दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। राज्यपाल ने एकल विद्यालयों की गतिविधियों की जानकारी ली और बच्चों की शिक्षा के साथ उनके संस्कार निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों को समझा।

शिक्षा और संस्कार से गांवों को सशक्त बनाने पर जोर

एकल अभियान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. ललन कुमार शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण और वनवासी क्षेत्रों तक शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता पहुंचाना है। वहीं, पतरातू संच समिति के सचिव सह मुखिया किशोर कुमार महतो ने कहा कि अभियान शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और ग्रामीण विकास के माध्यम से गांवों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। मौके पर संभाग अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, राष्ट्रीय महिला प्रमुख उषा जालान, भुवनेश्वर महतो, वकील महतो, मोरनाथ महतो, भुवनेश्वर ठाकुर, अनीता जैन, पारिजात कुमारी, बाबूलाल गोप, राजू पांडेय, अर्जुन सिंह, कर्ण महतो, चंद्रशेखर कुमार, नागेश्वर महतो, शांति देवी, खिरेन्द्र कुमार, नंदकिशोर महतो, रविंद्र बेदिया, दिनेश महतो, अजीत कुमार, नित्यानंद महतो, छोटू करमाली, राजकिशोर महतो, संगीता कुमारी और देवासन गंझू समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।