राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए नगर आयुक्त सख्त, बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी करने का निर्देशBy Mid Time Bureau Thu, 15 October 2026 05:56 PM

रांची: रांची नगर निगम ने राजस्व वसूली में तेजी लाने और कर संग्रहण बढ़ाने के लिए कार्रवाई तेज करने का निर्णय लिया है। इसको लेकर गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज की वसूली की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में शहरवासियों को होल्डिंग टैक्स का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। इसके लिए नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट और चैटबॉट के माध्यम से भुगतान की सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक करदाताओं तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त ने उन सरकारी भवनों और परिसरों का होल्डिंग टैक्स निर्धारित करने का निर्देश दिया, जिनका अब तक कर निर्धारण नहीं हुआ है। ऐसे भवनों की मापी कराकर जल्द से जल्द डिमांड सृजित करने और नियमानुसार नोटिस जारी कर टैक्स वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया।

हर सप्ताह तीन दिन लगेंगे राजस्व संग्रहण शिविर

करदाताओं की सुविधा के लिए अंचल कार्यालयों के माध्यम से नियमित शिविर लगाने का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त ने प्रत्येक सप्ताह तीन दिन राजस्व संग्रहण शिविर आयोजित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोग होल्डिंग टैक्स जमा कर सकें। इसके लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर आम नागरिकों को पहले से सूचना देने पर भी जोर दिया गया।

बड़े बकायेदारों पर होगी कार्रवाई

नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स और वाटर यूजर चार्ज के बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर नियमानुसार नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। बकाया राशि की वसूली के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा होटल, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज की वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निर्धारित शुल्क जमा नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राजस्व संग्रहण के कार्यों में सक्रियता, नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निगम की आय बढ़ने से नागरिक सुविधाओं के संचालन और विकास कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

बैठक में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त निकेश कुमार, नगर प्रबंधक, कर संग्रहकर्ता और राजस्व शाखा के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।