
नेमरा (रामगढ़): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों का पहुंचना जारी रहा। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सहित कई मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक ने दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नेमरा गांव में पूरे दिन शोक का माहौल बना रहा। दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने पहुंचने वालों में रांची की महापौर रोशनी खलखो, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, झारखंड के मंत्री दीपक बिरुवा, पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू और मिथिलेश ठाकुर प्रमुख रूप से शामिल रहे। इनके अलावा विधायक संजय सिंह यादव, आलोक सोरेन, अमित कुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक विनोद सिंह, लक्ष्मी टुडू, अकील अख्तर, निजामुद्दीन अंसारी, नारायण दास और ताला मरांडी समेत अन्य राजनीतिक हस्तियां भी पहुंचीं। बिहार के पूर्व विधायक ललन कुमार ने भी नेमरा पहुंचकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और झारखंड लोक सेवा के अधिकारियों के साथ भारतीय स्टेट बैंक और टाटा समूह के अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों, खिलाड़ियों और रांची नगर निगम के पार्षदों ने भी दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
सर्वधर्म प्रार्थना कर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता के निधन पर श्री गुरु सिंह सभा और झारखंड बुद्ध सोसाइटी के सदस्यों ने भी उनसे मुलाकात की। दोनों संगठनों के सदस्यों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए सर्वधर्म प्रार्थना की। इस दौरान सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नेमरा में दिनभर लोगों के पहुंचने और श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी रहा। विभिन्न वर्गों के लोगों की उपस्थिति ने दिवंगत रूपी सोरेन के प्रति सम्मान और मुख्यमंत्री के परिवार के प्रति संवेदना को व्यक्त किया।