
रांची: ब्लू सफायर अपार्टमेंट में नवरात्रि पर माता रानी का जागरण श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो शामिल हुईं। इस दौरान अपार्टमेंट के निवासियों ने माता रानी की आराधना की और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। जागरण में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्लू सफायर अपार्टमेंट के सोसाइटी के सचिव हीरालाल रवि ने वित्त मंत्री को चुनरी देकर उनका स्वागत किया। वित्त मंत्री ने नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व श्रद्धा, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। विजयादशमी हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। उन्होंने माता रानी से सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने अपार्टमेंट के सदस्य एचकेपी सिंह, बी के सिन्हा, अनूप सिन्हा, रंजीत बर्नवाल और नीरज सिन्हा को मोमेंटो देकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल रहा और श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

वहीं, मेयर रोशनी खलखो ने महिलाओं की भागीदारी और सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के नौ दिन महिलाओं के सम्मान और शक्ति का प्रतीक हैं, लेकिन महिलाओं को सम्मान केवल इन नौ दिनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। समाज में हर दिन महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए।
मेयर ने कहा कि महिलाओं को इतना सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए कि वे रात के समय भी बिना किसी भय के बाहर निकल सकें। जिस तरह हम अपने घर की महिलाओं का सम्मान करते हैं, उसी तरह दूसरी महिलाओं के प्रति भी सम्मान का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त समाज और विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।
