खूंटी में स्कूल के प्रिंसिपल पर हमला, स्टाफ रूम में घुसकर धारदार हथियार से वार, CCTV खंगाल रही पुलिसBy Mid Time Bureau Wed, 21 October 2026 12:17 PM

Khunti: खूंटी से बुधवार सुबह स्कूल परिसर में हुई वारदात की खबर सामने आई है। संत मिखाइल स्कूल के प्रिंसिपल फादर बेनी एक्का पर अज्ञात अपराधियों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर स्कूल के स्टाफ रूम में पहुंचे और फादर बेनी एक्का पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गए।

हमले में फादर बेनी एक्का घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्कूल के अंदर हुई इस वारदात के बाद शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच डर का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूल के स्टाफ रूम तक हमलावर कैसे पहुंचे और फादर बेनी एक्का को ही निशाना बनाने की वजह क्या थी। जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।