
Ranchi: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दुर्लभ रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया है। संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस को देखते ही दो लोग मौके से फरार हो गए। वहीं एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रेड सैंड बोआ सांप मिला।
पकड़े गए युवक की पहचान टीलू के रूप में हुई है। वह हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया जा रहा है। सांप मिलने के बाद लालपुर पुलिस ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पूछताछ में टीलू ने वन विभाग को बताया कि सांप उसके दोस्त का है। अब पुलिस और वन विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि सांप कहां से लाया गया था और उसे रांची लाने के पीछे क्या वजह थी। वहीं मौके से भागे दोनों लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
रेड सैंड बोआ को लेकर क्यों है चर्चा?
रेड सैंड बोआ को दुर्लभ प्रजाति का सांप बताया जाता है। इसे लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ी कीमत मिलने के कई दावे किए जाते हैं। हालांकि, करोड़ों रुपये की कीमत से जुड़े इन दावों की कोई प्रमाणित पुष्टि नहीं है और इसकी कोई तय बाजार कीमत भी नहीं है।
इस सांप को लेकर कई अंधविश्वास भी प्रचलित हैं। कुछ लोग इसे धन और सौभाग्य से जोड़कर देखते हैं। वहीं कुछ देशों में पारंपरिक मान्यताओं और कथित औषधीय इस्तेमाल के कारण इसकी मांग की चर्चा होती रही है। हालांकि इन मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
फिलहाल वन विभाग ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर रही है, जबकि फरार दोनों लोगों की तलाश की जा रही है।