गोंदा में 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में भेजा गया जेलBy Mid Time Bureau Mon, 26 October 2026 07:04 PM

रांची: राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय प्रशांत सिंह के रूप में हुई है। वह गोंदा थाना क्षेत्र के गांधीनगर फेज-1, प्लॉट नंबर जी-1, ब्लॉक डायमंड का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वारंटी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि प्रशांत सिंह, जो पहले भी नशे के कारोबार के मामले में जेल जा चुका है, स्कूटी से मादक पदार्थ लेकर गांधीनगर की ओर आ रहा है।

सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम कांके डैम के गेट के पास बलों के साथ सादे कपड़ों में तैनात हो गई। रात करीब 10:05 बजे एक संदिग्ध स्कूटी को आते देख पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, स्कूटी सवार ने भागने की कोशिश की, लेकिन बलों के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में स्कूटी सवार ने अपना नाम प्रशांत सिंह बताया। तलाशी के दौरान उसके काले रंग के ट्राउजर की बाईं जेब से प्लास्टिक की पुड़िया में रखा ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि बरामद पदार्थ की पुष्टि ड्रग टेस्टिंग किट से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर की गई।

तलाशी से पहले आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके बाद उसने डीएसपी के समक्ष तलाशी कराने की सहमति दी। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

पहले भी दर्ज हैं नशे से जुड़े मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार प्रशांत सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गोंदा थाना कांड संख्या 105/2021, दिनांक 20 दिसंबर 2021, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/22/27 के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा गोंदा थाना कांड संख्या 169/2023, दिनांक 27 दिसंबर 2023, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत भी मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

जब्त सामग्री: पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन (सिम सहित) और एक स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01EW5982) जब्त की है।