पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, सभी जिलों में लगेंगे सर्वोदय संकल्प शिविरBy Mid Time Bureau Wed, 28 October 2026 05:20 PM

रांची: आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कांग्रेस भवन, रांची में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में राज्य के सभी जिलों में ‘सर्वोदय संकल्प’ शिविर आयोजित करने, पंचायत स्तर तक जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ’ अभियान एवं रैली में संगठन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की झारखंड प्रभारी अशिका कुजूर मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। नेताओं ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आम जनता की समस्याओं को लेकर काम करने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पंचायत स्तर पर संगठन की मजबूती लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए जरूरी है। उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारियां शुरू करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने और नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘सर्वोदय संकल्प’ शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठित करने के साथ कांग्रेस के विचारों और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि संगठन की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ताओं और आम जनता से जुड़े रहने में है। उन्होंने जिला संयोजकों एवं पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने और पंचायत स्तर पर संगठन की भूमिका को प्रभावी बनाने की अपील की।

सभी जिलों में होंगे सर्वोदय संकल्प शिविर

बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड के सभी जिलों में ‘सर्वोदय संकल्प’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जिला संयोजकों को जिम्मेदारियां सौंपने और आयोजन की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और स्थानीय समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में पहल करने का प्रयास किया जाएगा।

संगठन के प्रदेश संयोजक शांतनु मिश्रा ने शिविरों को संगठन के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इनके जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही, आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों में सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

दिल्ली रैली में भागीदारी पर चर्चा

बैठक में 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ’ अभियान एवं रैली में झारखंड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर भी विचार-विमर्श किया गया। संगठन की ओर से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में प्रदेश कन्वेनर सुभाष नाग, जिला संयोजक रितेश तामसोय, फनेश्वर नाथ नीलेश, विनय कुमार, रांची महानगर जिला संयोजक अंजनी रंजन, चतरा जिला संयोजक योगेंद्र यादव, पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक पवन कुमार बबलू सहित कन्हैया पाठक, विवेक विशाल और संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक के अंत में संगठन को जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी पंचायत चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने तथा ‘सर्वोदय संकल्प’ शिविरों के सफल आयोजन पर सहमति बनी।