
रांची: छठ महापर्व नजदीक है और रांची में इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं को घाटों पर साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा तक की बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए नगर निगम ने अभी से कमर कस ली है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव खुद अधिकारियों की टीम के साथ शहर के अलग-अलग छठ घाटों का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान अरगोड़ा तालाब, बटन तालाब, स्वर्णरेखा नदी घाट और तिरील तालाब का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों की सफाई पूरी होनी चाहिए। इसके लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती करने और घाटों के आसपास फैले अतिक्रमण को हटाने को कहा गया। साथ ही बिजली, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
तालाबों में श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग और बांस-बल्लियां लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है। वहीं, तालाबों की क्षतिग्रस्त बाउंड्री की मरम्मत, घेराबंदी, पेंटिंग और जरूरी सिविल कार्य कराने को कहा गया है।
नगर आयुक्त ने तालाबों में गंदा नाली का पानी जाने की स्थिति में उसे रोकने और पानी की सफाई के लिए फिटकरी, ई-बॉल और ब्लीचिंग पाउडर के इस्तेमाल का निर्देश दिया। इसके अलावा घाटों पर छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से भी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
फिलहाल प्रत्येक तालाब में रोजाना चार से पांच सफाईकर्मी लगाए जा रहे हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि छठ महापर्व से पहले घाटों की सफाई और जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए ये निर्देश जमीन पर कितनी तेजी से पूरे होते हैं और श्रद्धालुओं को छठ के दौरान कैसी सुविधाएं मिलती हैं।

