झारखंड में क्षत्रिय गौरव मंच का गठन, पूर्व सांसदों और पूर्व मंत्री को मिली संरक्षक मंडल में जगहBy Mid Time Bureau Sat, 31 October 2026 06:56 PM

Ranchi: झारखंड में एक नए सामाजिक संगठन का गठन हुआ है। इसका नाम है क्षत्रिय गौरव मंच। संगठन की कमान झारखंड के पूर्व एमएलसी प्रवीण सिंह को सौंपी गई है। उन्हें मंच का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही संगठन ने अपनी प्रदेश कमेटी और कार्यसमिति का भी ऐलान कर दिया है।

मंच के संरक्षक मंडल में पूर्व सांसद पशुपति नाथ सिंह, पूर्व सांसद सुनील सिंह, पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह और लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव को शामिल किया गया है। संगठन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, प्रदेश स्तर पर 27 पदाधिकारियों की कमेटी बनाई गई है, जबकि 52 सदस्यीय कार्यसमिति की भी घोषणा की गई है। इसके अलावा झारखंड के अलग-अलग जिलों में जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।

महिला और युवा विंग का भी गठन

संगठन को विस्तार देने के लिए महिला विंग और युवा विंग का गठन भी किया गया है। मंच का कहना है कि उसकी प्राथमिकता सिर्फ प्रदेश स्तर पर संगठन खड़ा करना नहीं, बल्कि इसे जिलों से लेकर पंचायत स्तर तक पहुंचाना है। खास तौर पर ग्रामीण इलाकों में समाज के लोगों को जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

संगठन ने शिक्षा, कृषि और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी अपनी प्राथमिकताओं में रखा है। इसमें समाज की बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, किसान वर्ग के लोगों को जागरूक करना और युवाओं को संगठन से जोड़ना शामिल है। साथ ही महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की बात भी कही गई है।

5 नवंबर को होगी पहली कार्यसमिति की बैठक

क्षत्रिय गौरव मंच की पहली कार्यसमिति की बैठक 5 नवंबर को रांची के हरमू स्थित राजगुरु पार्क में आयोजित होगी। इस बैठक में संगठन के आगे के कामकाज, सामाजिक मुद्दों और प्रदेशभर में विस्तार की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

फिलहाल संगठन ने अपनी शुरुआती टीम घोषित कर दी है। अब 5 नवंबर की बैठक में यह तय होगा कि पंचायत स्तर तक संगठन के विस्तार और शिक्षा, जागरूकता जैसे मुद्दों पर काम करने की रूपरेखा किस तरह आगे बढ़ाई जाएगी।