
रांची: राजधानी रांची में पुलिस विभाग से जुड़ा अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। पुलिस लाइन परिसर में कथित तौर पर जुआ खेलने और खिलाने के आरोप में 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जवानों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ समय से रांची पुलिस लाइन परिसर में कुछ पुलिसकर्मियों के जुए में शामिल होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में अचानक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान एक निर्धारित स्थान पर घेराबंदी कर कथित तौर पर जुआ खेल रहे 10 पुलिसकर्मियों को पकड़ा गया। इसके बाद सभी संबंधित जवानों को निलंबित करने का फैसला लिया गया।
मामले को लेकर सार्जेंट मेजर आनंद राज खलखो ने बताया कि पुलिस लाइन परिसर में जुआ खेलने का मामला सामने आने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिहाज से इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल, मामले में विभागीय जांच जारी है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।