
रांची:भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता कैलाश यादव ने भाजपा की इस पदयात्रा पर सवाल उठाते हुए इसे महज राजनीतिक नाटक करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की रक्षक नहीं, बल्कि भक्षक है।
2 नवंबर को जारी बयान में कैलाश यादव ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली की सफलता से भाजपा के शीर्ष नेता घबराए हुए हैं। इसी वजह से भाजपा पदयात्रा के जरिए जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच भाजपा का लोकतंत्र बचाने का अभियान राजनीतिक विरोधाभास को दर्शाता है।
कैलाश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगा। राजद की ओर से गांव-गांव तक जनजागरण अभियान चलाने की तैयारी है, ताकि इन मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा की पदयात्रा से लोकतंत्र से जुड़े सवालों का जवाब नहीं मिलेगा। इसके लिए जरूरी है कि जनता के बीच वास्तविक मुद्दों पर चर्चा हो।