
खेल के मैदान पर किसी खिलाड़ी की सफलता के पीछे सिर्फ उसकी मेहनत नहीं, बल्कि सही प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और समय पर मिलने वाला मार्गदर्शन भी अहम भूमिका निभाता है। झारखंड की धरती ने देश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं और अब इन प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में टाटा स्टील की खेल पहल महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। तीरंदाजी से लेकर स्पोर्ट क्लाइंबिंग तक, कंपनी की अकादमियां और प्रशिक्षण केंद्र युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर दे रहे हैं। खास बात यह है कि इन प्रयासों का असर अब एशियाई खेलों जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी दिखाई देने लगा है।
टाटा स्टील पिछले कई दशकों से खेलों को प्रोत्साहित करने और नई प्रतिभाओं को तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी की खेल नीति का उद्देश्य केवल पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को तैयार करना नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना भी है।
इस दिशा में टाटा आर्चरी अकादमी की भूमिका काफी अहम रही है। वर्ष 1996 में जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू हुई इस अकादमी ने भारतीय तीरंदाजी को कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। अब तक यहां से नौ ओलंपियन, नौ अर्जुन पुरस्कार विजेता और 150 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज तैयार हो चुके हैं। अकादमी के खिलाड़ियों ने अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर अपनी पहचान बनाई है।
एशियाई खेलों में भी अकादमी के तीरंदाजों का प्रदर्शन लगातार चर्चा में रहा है। वर्ष 2006 में दोहा एशियाई खेलों में जयंत तालुकदार ने कांस्य पदक जीतकर इस सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2010 के ग्वांगझू एशियाई खेलों में भी अकादमी के खिलाड़ियों ने कई कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं, 2023 में हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
इस उपलब्धियों की कड़ी को 2026 में अंकिता भकत ने और आगे बढ़ाया। आइची-नागोया एशियाई खेलों में वह स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला रिकर्व टीम का हिस्सा रहीं। यह उपलब्धि भारतीय तीरंदाजी के साथ-साथ अकादमी की वर्षों की मेहनत और प्रशिक्षण व्यवस्था को भी दर्शाती है।
तीरंदाजी के अलावा टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन यानी TSAF ने स्पोर्ट क्लाइंबिंग को भी नई पहचान दिलाने की दिशा में काम किया है। वर्ष 2015 से शुरू हुई इस पहल के तहत 16 जमीनी प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से करीब एक हजार युवाओं को इस खेल से जोड़ा गया है। यहां खिलाड़ियों को शुरुआती प्रशिक्षण से लेकर उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी तक के अवसर मिल रहे हैं।
इसका नतीजा 2026 के एशियाई खेलों में देखने को मिला। स्पीड क्लाइंबिंग में जोगा पूर्ति और दीपु मल्लेश ने फाइनल राउंड तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान जोगा पूर्ति ने 7.28 सेकंड और दीपु मल्लेश ने 5.09 सेकंड का समय दर्ज करते हुए नए भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के उद्देश्य से थाईलैंड के स्पीड क्लाइंबिंग कोच और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। इससे दोनों खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय तकनीक और प्रतियोगिता के दबाव को समझने का मौका मिला।
इनमें जोगा पूर्ति की कहानी खास तौर पर प्रेरित करती है। एक सामान्य आदिवासी परिवार से आने वाले जोगा ने अपनी मेहनत और प्रशिक्षण के दम पर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचे। अब उनके और दीपु मल्लेश के सामने लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य है।
हालांकि, किसी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए केवल अभ्यास और कोचिंग पर्याप्त नहीं होती। इसके लिए उसकी फिटनेस, खानपान, मानसिक मजबूती और चोट से उबरने तक हर पहलू पर ध्यान देना पड़ता है। टाटा स्टील के खेल कार्यक्रमों में स्पोर्ट्स साइंस, पोषण, फिजियोथेरेपी और खिलाड़ियों की मानसिक तैयारी को भी प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया गया है।
खिलाड़ियों की तकनीक और प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए बायोमैकेनिकल एनालिसिस, वीडियो रिकॉर्डिंग और नियमित मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं का इस्तेमाल किया जाता है। इससे कोच खिलाड़ियों की कमियों को पहचानकर उनकी जरूरत के मुताबिक ट्रेनिंग की रणनीति तैयार कर पाते हैं।
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी अलग-अलग स्थानों पर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जमशेदपुर में तीरंदाजी के लिए विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था के साथ क्योंझर में भी एक केंद्र विकसित किया जा रहा है। वहीं, जमशेदपुर और भुवनेश्वर में स्पोर्ट क्लाइंबिंग के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
टाटा स्टील की पहल का एक दूसरा महत्वपूर्ण पहलू अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से जुड़ा है। एशियन किड्स और एशियन यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप जैसे आयोजनों की मेजबानी जमशेदपुर में होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलता है। इससे उन्हें अपने खेल को बेहतर बनाने के साथ बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा भी मिलती है।
दरअसल, खेलों में किसी देश की ताकत सिर्फ उसके पदकों से नहीं मापी जाती, बल्कि इस बात से भी तय होती है कि वहां कितने युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। टाटा स्टील की खेल पहल इसी दिशा में काम कर रही है। तीरंदाजी के मैदान से लेकर स्पोर्ट क्लाइंबिंग की दीवारों तक, नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है।
कुल मिलाकर, बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और लगातार मिल रहे सहयोग के जरिए टाटा स्टील झारखंड की खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में जुटी है। अब इन खिलाड़ियों की नजरें सिर्फ राष्ट्रीय रिकॉर्ड तक सीमित नहीं, बल्कि ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने पर भी हैं।

