
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से मंगलवार को गांधीनगर स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में एकदिवसीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सीसीएल की महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में सीसीएल पैंथर्स ने सीसीएल वॉरियर्स को 26 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, सीसीएल वॉरियर्स उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और स्वयं बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
प्रतियोगिता में सीसीएल पैंथर्स, सीसीएल टाइटन्स और सीसीएल वॉरियर्स की टीमों ने हिस्सा लिया। लीग मुकाबलों में पैंथर्स ने टाइटन्स को 27 रनों से और वॉरियर्स को 30 रनों से हराया। वहीं, वॉरियर्स ने टाइटन्स को 51 रनों से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला 10-10 ओवरों का खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीसीएल पैंथर्स ने एक विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। जवाब में सीसीएल वॉरियर्स की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 111 रन ही बना सकी। इस तरह पैंथर्स ने 26 रनों से जीत दर्ज की।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का बेहतर माध्यम है। वहीं, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि खेल से अनुशासन, सकारात्मकता और टीम भावना विकसित होती है। मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ आपसी सहयोग एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत करता है।