राहुल गांधी कब आएंगे झारखंड? के. राजू के दौरे में तारीख पर लग सकती है मुहरBy Mid Time Bureau Wed, 04 November 2026 12:48 PM

Ranchi: झारखंड कांग्रेस में आने वाले दिनों की सियासी गतिविधियों को लेकर हलचल तेज होने वाली है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंच चुके हैं। 4 से 6 नवंबर तक उनका झारखंड में प्रवास रहेगा। इस दौरान पार्टी संगठन से जुड़े फैसलों के साथ-साथ दो अहम मुद्दों पर चर्चा होनी है। पहला, राहुल गांधी का प्रस्तावित झारखंड दौरा और दूसरा, राज्य में लंबे समय से खाली पड़े बोर्ड, निगम और आयोगों में नियुक्तियां।

रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों ने के. राजू का स्वागत किया। दौरे के पहले दिन यानी 4 नवंबर को वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में राहुल गांधी के इसी महीने तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित झारखंड दौरे की तैयारियों पर चर्चा होगी। प्रदेश कांग्रेस नेता सोनाल शांति के मुताबिक, बैठक के बाद के. राजू राहुल गांधी के दौरे की तारीख का ऐलान भी कर सकते हैं।

वहीं, इस दौरे का दूसरा अहम एजेंडा बोर्ड, निगम और आयोगों में खाली पदों पर नियुक्तियों से जुड़ा है। इन पदों के लिए योग्य लोगों के चयन और कांग्रेस की सूची को अंतिम रूप देने की कवायद चल रही है। इसी सिलसिले में 5 नवंबर को के. राजू ने स्टेट गेस्ट हाउस में पार्टी की ओर से गठित चयन कमेटी की बैठक बुलाई है। इस बैठक में नामों पर चर्चा कर सूची को अंतिम रूप देने की दिशा में काम होगा।

ऐसे में के. राजू के तीन दिवसीय दौरे पर पार्टी की नजर रहेगी। अब देखना होगा कि राहुल गांधी के झारखंड दौरे की तारीख सामने आती है या नहीं और बोर्ड-निगम में नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस की कवायद किस मुकाम तक पहुंचती है।