
गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह गांव के बहियार में बच्ची का सिर कटा शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान नीतू मरांडी के रूप में हुई है। वह तलवा मरांडी की बेटी थी। शव से सिर गायब होने के कारण घटना को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश है।
मिली जानकारी के अनुसार, नीतू मरांडी रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी ने उसे घर से बाहर निकाला। इसके बाद घर के पीछे धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। सुबह गांव के बहियार में उसका शव मिलने की जानकारी सामने आई। शव का सिर गायब था, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई।
12 वर्षीय बच्ची की इस तरह हत्या की खबर से डहुआ गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत के साथ भारी नाराजगी भी है। लोग दोषियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर ललमटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह, इसमें शामिल लोगों और बच्ची के गायब सिर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल हत्या के कारणों और संदिग्धों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 12 साल की मासूम नीतू की हत्या किसने और क्यों की? पुलिस जांच के बाद ही इस जघन्य वारदात की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।