
रांची: रांची में अवैध अंग्रेजी शराब बनाने और बेचने के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मांडर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से हजारों बोतल अंग्रेजी शराब, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, ब्रांडेड कंपनियों के स्टीकर और पैकेजिंग का सामान बरामद किया गया है।
रांची पुलिस के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मांडर के मलटोटी गांव में बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद निर्माणाधीन मकान में छापेमारी की गई, जहां पांच लोग शराब बनाने का काम करते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रत्युष शाहदेव, कुंदन कुमार, संजय सिंह, राकेश कुमार और विष्णु कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से OLD BLENDED OLD MONK की 2040 बोतलें और ROYAL MANSION GOLD WHISKY की 840 बोतलें बरामद की हैं। इसके अलावा करीब 200 लीटर तैयार शराब, 25 लीटर शराब से भरा एक जार, 2000 खाली बोतलें, करीब 1000 ढक्कन, ब्रांडेड शराब के स्टीकर, बोतल सील करने की मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पिकअप टेंपो, बजाज पल्सर बाइक और महिंद्रा एसयूवी समेत अन्य सामान भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले एक महीने से अवैध शराब का निर्माण कर रहे थे और बिहार, उत्तर प्रदेश तथा झारखंड के दूसरे जिलों में मांग के अनुसार इसकी सप्लाई करते थे।
फिलहाल मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस की जांच का दायरा इस बात तक पहुंच सकता है कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है।
