
Ranchi: झारखंड में SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर BJP और विपक्ष के बीच सियासी टकराव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल इस प्रक्रिया के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। इसी विरोध पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने कांग्रेस को निशाने पर लिया है। रांची स्थित प्रदेश BJP कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस आखिर घुसपैठियों के समर्थन में क्यों खड़ी है? क्या घुसपैठिए राहुल गांधी के रिश्तेदार हैं, जो उन्हें बचाने के लिए इतनी कोशिश की जा रही है?
सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि विपक्ष SIR को लेकर लोगों के बीच गलत जानकारी फैला रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और चुनावी व्यवस्था पर लगातार सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के साथ राहुल गांधी, TMC, लेफ्ट और JMM को भी घेरा। मंत्री का कहना था कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस कभी EVM तो कभी SIR को अपनी हार की वजह बताती है, जबकि उसे अपनी राजनीति और नेतृत्व पर विचार करना चाहिए।
कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर तंज कसते हुए मजूमदार ने दावा किया कि 2014 से 2025 के बीच पार्टी 56 चुनाव हार चुकी है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच रहना और उनका विश्वास हासिल करना जरूरी है, केवल आरोप लगाने से काम नहीं चलेगा।
SIR को लेकर उठ रहे सवालों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण पहली बार नहीं हो रहा है। उनके मुताबिक, देश में यह प्रक्रिया 12 बार हो चुकी है और इनमें से 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी। विपक्ष की ओर से करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि इस आंकड़े में मृत मतदाताओं, दूसरे स्थानों पर जा चुके लोगों और दोहरी प्रविष्टियों वाले नाम शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि इनमें करीब 2.8 करोड़ मृत मतदाता, 6.3 करोड़ स्थान बदल चुके मतदाता और एक करोड़ डुप्लीकेट नाम हैं।
सुकांत मजूमदार के इस बयान के बाद SIR को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। BJP जहां विपक्ष के विरोध को गलत ठहरा रही है, वहीं विपक्ष इस पूरी प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठा रहा है।