इरफान अंसारी के 40 लाख युवाओं वाले बयान पर बवाल, BJP ने CM हेमंत से मांगा जवाबBy Mid Time Bureau Fri, 06 November 2026 06:29 PM

Ranchi: झारखंड सरकार में मंत्री इरफान अंसारी के एक बयान को लेकर सियासी टकराव शुरू हो गया है। उनके 40 लाख युवाओं की सेना तैयार करने वाले बयान पर भाजपा ने कड़ी नाराजगी जताई है। भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने रांची में मीडिया के सामने इस मुद्दे को उठाते हुए मंत्री के खिलाफ FIR और कानूनी कार्रवाई की मांग की। इतना ही नहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इरफान अंसारी को कैबिनेट से बाहर करने की मांग भी कर दी।

दीपक प्रकाश का आरोप है कि राज्य सरकार के मंत्री का इस तरह सेना तैयार करने की बात कहना देश की सुरक्षा और सशस्त्र बलों को चुनौती देने जैसा है। उन्होंने दावा किया कि इस बयान के पीछे केंद्र की लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने की मंशा है। भाजपा नेता ने कहा कि इस पूरे मामले को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें तय करना होगा कि ऐसे बयान देने वाले मंत्री को सरकार में बनाए रखना है या नहीं। दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि इरफान अंसारी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के इशारे पर यह बयान दिया है।

भाजपा इस मामले को लेकर FIR दर्ज कराने पहुंची और मंत्री के खिलाफ जांच के साथ कार्रवाई की मांग की। अब देखना होगा कि इस बयान पर इरफान अंसारी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।