निशा भगत की मौत पर पिता पहुंचे थाने, अजय तिर्की-ज्योत्सना केरकेट्टा समेत कई लोगों पर कार्रवाई की मांगBy Mid Time Bureau Sat, 07 November 2026 12:05 PM

Ranchi: आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में अब उनके पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। हंदू भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित आवेदन देकर अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने बेटी की मौत के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाने में दिए आवेदन में पिता ने आरोप लगाया है कि निशा को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान किया जा रहा था। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें फैलाई गईं और चरित्र को लेकर आरोप लगाए गए। हंदू भगत का कहना है कि लगातार हो रही इस प्रताड़ना ने उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रभावित किया। उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर भी निशा को परेशान करने का आरोप लगाया है।

हंदू भगत ने अपनी शिकायत में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा का नाम लेते हुए उनकी भूमिका की जांच करने को कहा है। साथ ही उन्होंने निशा के आखिरी फेसबुक लाइव को भी जांच में शामिल करने की मांग की है। पिता के मुताबिक, लाइव वीडियो में निशा ने जिन लोगों और घटनाओं का जिक्र किया था, पुलिस उनसे जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करे। पिठोरिया थाने में इस आवेदन को सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार दास ने रिसीव किया है।

वहीं, निशा भगत की मौत को लेकर नगड़ी चेकपोस्ट के पास युवाओं ने सड़क जाम कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सच्चाई सामने आनी चाहिए।

गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान में निशा भगत का शव मिला था। इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। इस दौरान उन्होंने रोते हुए अपनी परेशानी बताई थी और कुछ लोगों पर आरोप लगाने के साथ पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। अब उनके पिता ने उसी वीडियो में कही गई बातों के आधार पर पुलिस से जांच की मांग की है।

निशा भगत ने 2024 में JLKM के टिकट पर गुमला विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। वह सरना-सनातन से जुड़े मुद्दों पर अपनी मुखर राय रखती थीं। फिलहाल, पिता के आवेदन के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है।