
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण में जीटी रोड पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। महानेटांड कट के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग गिरिडीह के बगोदर प्रखंड स्थित अटका गांव के रहने वाले थे। करीब डेढ़ दर्जन लोग एक सवारी वाहन से बनारस जा रहे थे। वाहन के ऊपर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा शव रखा था। चौपारण की दनुआ घाटी में महानेटांड कट के पास शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। इसे ठीक करने के लिए वाहन सड़क किनारे रोका गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सवारी वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांच लोगों की जान चली गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त सवारी वाहन से टकराकर घाटी में पलट गया। इससे मौके पर हालात और बिगड़ गए।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला और चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सीमित संसाधनों के कारण प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को हजारीबाग रेफर किया गया। वहीं, एंबुलेंस की कमी के कारण राहत कार्य में भी परेशानी आई।
करीब तीन घंटे तक अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार और बेचैनी का माहौल रहा। इस हादसे ने एक बार फिर चौपारण के जीटी रोड पर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
