जमशेदपुर में कैंसर मरीजों को मिली बड़ी राहत, 114 बेड वाले कैंसर रेस्ट हाउस का उद्घाटन By Mid Time Correspondent Mon, 09 November 2026 05:20 PM

जमशेदपुर: कैंसर का इलाज कराने के लिए दूसरे शहरों से जमशेदपुर आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। यहां 114 बेड की क्षमता वाला आधुनिक कैंसर रेस्ट हाउस तैयार किया गया है। दीपावली के मौके पर इसका उद्घाटन किया गया। इस सुविधा से इलाज के दौरान मरीजों और उनके परिजनों को ठहरने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

रेस्ट हाउस में 114 बेड के अलावा आधुनिक सुविधाएं और अलग-अलग केबिन की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य कैंसर मरीजों को इलाज के दौरान बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है।

इसका उद्घाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा राम और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी उर्फ टुन्नू चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और यूनियन कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

इस परियोजना के लिए टिमकेन फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से आर्थिक सहयोग दिया है। वहीं, रेस्ट हाउस के संचालन और व्यवस्था की जिम्मेदारी टाटा वर्कर्स यूनियन को सौंपी गई है।

कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में मरीजों को अस्पताल के साथ-साथ रहने की सुविधा की भी जरूरत होती है। ऐसे में यह रेस्ट हाउस मरीजों और उनके परिवारों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।