
रांची: निशा भगत की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग अब सड़क पर आंदोलन का रूप लेने जा रही है। बीजेपी के एसटी मोर्चा ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। संगठन ने 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद कराने का भी ऐलान किया है।
एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो का कहना है कि निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर आवाज उठाएगा। उनके मुताबिक, 7 नवंबर को राज्य के 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया था। अब आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च करेंगी, जबकि 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस का कार्यक्रम है। इसके अगले दिन यानी 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद रहेगा।
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने भी मामले की निष्पक्ष जांच पर जोर दिया। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता आरती कुजूर ने आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार की जवाबदेही तय करने की बात कही।
बीजेपी एसटी मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उसका आंदोलन जारी रहेगा।