
गुमला: आंदोलनकारी निशा भगत की आत्महत्या के बाद झारखंड में न्याय की मांग तेज हो गई है। इसी कड़ी में आजसू प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो उनके पैतृक गांव उरू बारडीह पहुंचे। उन्होंने निशा के माता-पिता से मुलाकात कर संवेदना जताई और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
चैनपुर प्रखंड के इस गांव में सुदेश महतो के पहुंचने पर निशा के माता-पिता भावुक हो गए। मां देविका भगत ने रोते हुए अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निशा ने यह कदम उठाया, उस समय वहां मौजूद लोगों से अब तक सख्ती से पूछताछ क्यों नहीं की गई।
परिजनों से बातचीत के बाद सुदेश महतो ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि एक आदिवासी राज्य में आदिवासी बेटी की ऐसी मौत पूरे राज्य को कलंकित करती है। उन्होंने मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। सुदेश के मुताबिक, घटना के इतने दिन बाद भी मुख्यमंत्री की ओर से कोई बयान नहीं आना चिंताजनक है। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग की।
वहीं, निशा के पिता हंदु भगत ने आरोप लगाया कि सरकारी व्यवस्था से निराश होकर उनकी बेटी लंबे समय से परेशान थी। उनका कहना है कि अत्याचार के खिलाफ लगातार गुहार लगाने के बावजूद उसे न्याय की उम्मीद नहीं दिख रही थी। परिवार ने बताया कि उन्होंने निशा को हौसला देने की कोशिश की, लेकिन वह व्यवस्था से बेहद हताश हो चुकी थी।
निशा की मौत के बाद अब परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।