पलामू में पूजा के दौरान दो जगह बवाल, पुलिस पर पथराव... 6 जवान घायलBy Mid Time Bureau Tue, 10 November 2026 11:37 AM

झारखंड के पलामू जिले में पूजा के दौरान दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विवाद और हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा में लक्ष्मी पूजा के दौरान दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को भी भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। वहीं, सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया में काली पूजा विसर्जन के दौरान भी दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों घटनाओं में पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।

पहली घटना रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा की है। यहां सोमवार रात लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे और अन्य मुद्दों को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने की सूचना पर रेहला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया।

अचानक हुए पथराव में पुलिस के चार जवान घायल हो गए। हालात पर काबू पाने और खुद को बचाने के लिए पुलिस ने करीब चार राउंड फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है, हालांकि उनकी पहचान सामने नहीं आई है।

रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ के मुताबिक, मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति शांत है और एहतियात के तौर पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। विवाद शांत होने के बाद पूजा का विसर्जन भी संपन्न कराया गया।

सतबरवा में भी पुलिस पर पथराव

पलामू में दूसरी घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव की है। यहां काली पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि गांव में एक पक्ष लंबे समय से काली पूजा करता आ रहा है, जबकि दूसरे पक्ष ने इस साल पहली बार पूजा का आयोजन किया था।

पहली बार पूजा आयोजित करने वाले पक्ष ने अपना विसर्जन कर दिया था। इसके बाद दूसरा पक्ष जब विसर्जन कर रहा था, उसी दौरान डीजे को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी और पथराव शुरू हो गया।

सूचना मिलने पर डीएसपी राजेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन भीड़ ने पुलिस को भी निशाना बनाया और जवानों पर पथराव कर दिया। इस घटना में पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

फिलहाल पलामू की दोनों घटनाओं के बाद पुलिस सतर्क है। अब पुलिस के सामने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की चुनौती है।