पलामू में दिनदहाड़े बैंक लूट की कोशिश, बैंककर्मियों के साहस ने अपराधी को खदेड़ाBy Mid Time Bureau Tue, 10 November 2026 01:22 PM

पलामू के मेदिनीनगर में दिनदहाड़े बैंक लूट की कोशिश से हड़कंप मच गया। हालांकि, बैंककर्मियों की बहादुरी के आगे हथियारबंद अपराधी की एक नहीं चली और उसे मौके से खाली हाथ भागना पड़ा। इतना ही नहीं, हड़बड़ी में अपराधी अपनी पिस्टल और लूट की नगदी भी बैंक में ही छोड़ गया।

मामला मेदिनीनगर के आढ़त रोड स्थित झारखंड ग्रामीण बैंक की शाखा का है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच एक व्यक्ति मास्क लगाकर बैंक पहुंचा। उसने खुद को ग्राहक बताया और खाते से रुपये निकालने की बात कही। लेकिन कुछ ही देर बाद उसने पिस्टल निकाल ली और बैंक में लूटपाट करने की कोशिश शुरू कर दी। घटना के वक्त बैंक में शाखा प्रबंधक धनंजय शर्मा, कैशियर और एक मैसेंजर मौजूद थे। हथियार के बल पर लूट की कोशिश होते देख शाखा प्रबंधक और एक अन्य बैंककर्मी ने हिम्मत दिखाई और अपराधी का विरोध करते हुए उससे भिड़ गए।

बैंककर्मियों के इस अप्रत्याशित प्रतिरोध से अपराधी घबरा गया। आखिरकार उसे अपनी कोशिश छोड़कर भागना पड़ा। भागने की जल्दबाजी में वह नगदी और अपनी पिस्टल भी बैंक के अंदर ही छोड़ गया। दिनदहाड़े बैंक में हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बैंककर्मियों की सूझबूझ और साहस के कारण लूट की वारदात टल गई।