
गुमला में उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे।
उपायुक्त ने सभी आवेदकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान जमीन से जुड़े मामले भी सामने आए। सिसई प्रखंड के सुरसा गांव निवासी रामावतार सिंह ने मौजा अरको की खाता संख्या 145 की जमीन पर बिना प्राधिकार दर्ज जमाबंदी को रद्द करने और आरएस खतियान के आधार पर वास्तविक हकदार के नाम ऑनलाइन रजिस्टर-2 में दर्ज कराने की मांग की।
वहीं, बिशुनपुर प्रखंड के नरमा गांव निवासी चामा उरांव ने बारिश के दौरान कच्चा मकान गिर जाने के बाद आवास की समस्या को लेकर अंबेडकर आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। घाघरा प्रखंड के हापामुनी गांव निवासी सोमरा उरांव ने करीब दो साल पहले प्राकृतिक आपदा के दौरान पेड़ गिरने से अपने बेटे की मौत के बाद मिलने वाली राहत और मुआवजा राशि का भुगतान कराने की मांग रखी।
दिव्यांगजनों की समस्याएं भी प्रशासन के सामने आईं। नागफेनी निवासी नारायण साहु ने आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने और दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध किया। वहीं, सिसई प्रखंड के दारी अम्बाटोली की रहने वाली कक्षा आठवीं की दिव्यांग छात्रा विनिता कुमारी ने आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए बैटरी से चलने वाली ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि स्कूल आने-जाने में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा, सिसई प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय दारी की विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष महादेव गोप ने स्कूल में चोरी हुए मध्याह्न भोजन से जुड़े बर्तन, उपकरण और गैस सिलेंडर की दोबारा व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का अनुरोध किया।
गुमला के शास्त्री नगर निवासी नूतन देवी ने जमीन के निबंधन के लिए ऑनलाइन जमा किए गए ई-स्टाम्प और निबंधन शुल्क की राशि में नियमानुसार कटौती के बाद शेष रकम वापस दिलाने को लेकर आवेदन दिया।
वहीं, फसिया पंचायत के लक्ष्मण नगर निवासी श्याम नन्दन ठाकुर ने अपने दो बेटों पर भरण-पोषण नहीं करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक एवं माता-पिता भरण-पोषण अधिनियम के तहत मासिक भरण-पोषण राशि दिलाने या पैतृक मकान खाली कराने के लिए जरूरी कार्रवाई करने की मांग की।
सभी आवेदनों पर सुनवाई के बाद उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की गंभीरता के अनुसार जांच करने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। ऐसे में अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए तय प्रक्रिया के तहत उनका निष्पादन करना चाहिए।
जिला प्रशासन ने आम लोगों को पारदर्शी, सुलभ और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
