धुर्वा में बिट्टू सिंह हत्याकांड का खुलासा, शराब पीने के बाद हुआ था विवाद, दो आरोपी गिरफ्तारBy Mid Time Bureau Tue, 10 November 2026 06:23 PM

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में बिट्टू सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों संजय कुमार सिंह और बॉबी विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की बेंत, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 की सुबह धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो गांव में डैम साइड स्थित झाड़ी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई थी। बाद में मृतक की पहचान 31 वर्षीय बिट्टू सिंह, पिता ओमप्रकाश सिंह, निवासी सेक्टर-9, शर्मा मार्केट, धुर्वा के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के पिता के आवेदन पर धुर्वा थाना में कांड संख्या 296/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि मृतक और दोनों आरोपियों के बीच शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाड़ी में रखी लकड़ी की बेंत से बिट्टू सिंह के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ी में फेंक दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार सिंह (30 वर्ष), पिता वीरेंद्र कुमार सिंह, निवासी क्वार्टर नंबर बी-2/265, शर्मा रोड, धुर्वा और बॉबी विश्वकर्मा (27 वर्ष), पिता सुरेश विश्वकर्मा, निवासी लाह फैक्ट्री, हिंदपीढ़ी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2018 और 2022 में मामले दर्ज हैं।

इस हत्याकांड के उद्भेदन में डीएसपी हटिया नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार सहित तकनीकी शाखा और धुर्वा थाना की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।