
बंद घरों को बनाते थे निशाना, चोरी के जेवर बेचने वाले दो दुकानदार भी पुलिस की कार्रवाई के दायरे में; करीब 3.70 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवर बरामद
रांची: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा के एक शातिर चोर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रातू के दो ज्वेलरी दुकानों से चोरी के जेवर बरामद किए हैं। इसके अलावा मुख्य आरोपी के घर से भी जेवर, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद सोना-चांदी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 लाख 70 हजार रुपये है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आकाश महतो उर्फ आकाश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवर बरामद किए गए और मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आकाश महतो मूल रूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। वह वहां चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने के बाद रातू थाना क्षेत्र के आमटांड़ में अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करता था। खास बात यह है कि वह दिन के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था, ताकि लोगों को उस पर शक न हो।
जांच के दौरान पुलिस ने रातू काठीटांड़ स्थित जेपी जेवर दुकान और एवाई अलंकार ज्वेलर्स से चोरी के जेवर बरामद किए। पुलिस के अनुसार, चोरी के जेवर इन दुकानों में बेच दिए गए थे। मामले में चोरी की घटनाओं में शामिल होने और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री के आरोप में विनय कुमार वर्मा, विनायक कुमार सोनी और दीपक उरांव उर्फ लड्डू को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने जेवर दुकानों और मुख्य आरोपी के घर से कुल मिलाकर करीब 600 ग्राम चांदी और 15 से 20 ग्राम सोना बरामद किया है। इसके अलावा सोने-चांदी के मंगलसूत्र, चेन, पायल, कमरधनी, बिछिया, अंगूठी, नोजपिन, कान के टॉप्स और अन्य आभूषण मिले हैं। आकाश के घर से 7,850 रुपये नकद और रेडमी कंपनी का एक स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने रातू थाना क्षेत्र में दर्ज अन्य चोरी के मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें रातू थाना कांड संख्या 246/26, 327/26, 315/26 और 378/26 शामिल हैं। वहीं, मुख्य आरोपी आकाश महतो के खिलाफ हरियाणा के कुरुक्षेत्र और करनाल में भी चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को रातू क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।