
रांची: लोक आस्था का महापर्व छठ आज नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर राजधानी झारखंड समेत पूरे उत्तर प्रदेश और बिहार में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। छठ पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। वहीं, अपने गांव और घर से दूर रहकर काम करने वाले लोग अब परिवार के साथ छठ मनाने के लिए वापस लौटने लगे हैं। इसके कारण राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है।
रांची रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को बड़ी संख्या में यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना होते नजर आए। स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही लगातार जारी रही। कोई अपने बच्चों और परिवार के साथ घर लौट रहा था, तो कोई दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ छठ मनाने की तैयारी में जुटा था। यात्रियों के चेहरों पर घर पहुंचने और परिवार के साथ पर्व मनाने की खुशी साफ झलक रही थी।
छठ महापर्व को लेकर ट्रेनों और बसों में टिकटों की बुकिंग लगभग फुल चल रही है। कई रूटों पर यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही है। इसके बावजूद लोग किसी तरह अपने घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। खासकर बिहार और झारखंड के अलग-अलग जिलों में जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से छठ महापर्व के मद्देनजर कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। रेलवे का प्रयास है कि पर्व के दौरान यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, छठ को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, फल, सूप और दउरा की खरीदारी शुरू हो गई है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस महापर्व को लेकर हर तरफ भक्ति और उत्साह का माहौल है। अब लोगों को खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य का इंतजार है।