
राकेश सिन्हा बोले- घुसपैठियों का मुद्दा उठाकर असली सवालों से ध्यान भटका रही भाजपा, पात्र मतदाताओं के वोट कटने पर दे जवाब
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा पर जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से आयोजित चौपालों में जनता मतदाता सूची और एसआईआर को लेकर सवाल उठा रही है, जिससे भाजपा नेताओं की बेचैनी साफ नजर आ रही है।
सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों की नहीं, बल्कि देश के वास्तविक नागरिकों के मताधिकार की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा बताए कि एसआईआर के दौरान लाखों पात्र मतदाताओं के नाम कटने की आशंका पर वह चुप क्यों है? गरीब, मजदूर, आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक परिवारों को अपने मताधिकार की चिंता करने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने कहा कि यदि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाना लोकतंत्र को बदनाम करना नहीं, बल्कि उसे जवाबदेह बनाने की कोशिश है। भाजपा को हर सवाल का जवाब घुसपैठियों का मुद्दा उठाकर देने की आदत छोड़नी चाहिए।
राकेश सिन्हा ने भाजपा से सार्वजनिक रूप से यह गारंटी देने की मांग की कि एसआईआर के दौरान किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का वोट नहीं कटेगा। साथ ही गलत तरीके से नाम हटाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे मुद्दों पर जवाब देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की चौपालें जारी रहेंगी और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट रुख है कि न फर्जी वोट स्वीकार होंगे और न ही किसी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से कटने दिया जाएगा।