
Ranchi: रांची के चान्हो में करीब 12 साल पहले हुई एक मौत के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। मुकेश कुमार साव की मौत के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे तस्लीम खान को अब जेल से बाहर आने का रास्ता मिल गया है। अदालत ने उसकी दोषसिद्धि तो बरकरार रखी, लेकिन हत्या की धारा 302 को बदलकर धारा 304 पार्ट-I कर दिया। साथ ही, अब तक जेल में बिताई गई अवधि को ही उसकी सजा मान लिया। यानी किसी दूसरे मामले में जरूरत नहीं होने पर तस्लीम को रिहा किया जाएगा।
29 अक्टूबर 2026 को न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद और न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने यह फैसला सुनाया। पूरा मामला 3 जून 2014 का है। चान्हो थाना क्षेत्र के सोंस गांव में मुकेश कुमार साव के साथ मारपीट हुई थी। दो दिन बाद, 5 जून को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अभियोजन पक्ष का आरोप था कि घटना के दिन मुकेश अपने घर के आंगन में नहा रहे थे। तभी तस्लीम खान, अफरोज खान और उसकी पत्नी नगीना खातून के साथ उनका विवाद हो गया। आरोप के मुताबिक, तस्लीम ने मुकेश को जमीन पर गिराया और उनके पेट पर पैर रखकर लात-घूंसों से हमला किया। पहले उन्हें चान्हो स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में रिम्स भेजा गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।
इस मामले में निचली अदालत ने साल 2017 में तस्लीम खान को हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वहीं, अफरोज खान और नगीना खातून को मारपीट के मामले में एक-एक साल की कैद मिली थी। तीनों ने इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डॉक्टरों की गवाही का विश्लेषण किया। अदालत ने पाया कि घटना में किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पुरानी दुश्मनी का भी कोई प्रमाण नहीं मिला। कोर्ट के मुताबिक, विवाद अचानक हुआ था। हालांकि, तस्लीम ने शरीर के संवेदनशील हिस्से यानी पेट पर हमला किया था। इससे यह जरूर सामने आया कि उसे ऐसी चोट पहुंचाने का इरादा था, जिससे मौत हो सकती थी।
लेकिन अदालत को हत्या के लिए जरूरी इरादा साबित होता नहीं दिखा। इसी वजह से तस्लीम को धारा 302 के बजाय धारा 304 पार्ट-I के तहत दोषी माना गया और उसकी सजा जेल में बिताई गई अवधि तक सीमित कर दी गई।
अफरोज खान और नगीना खातून को भी इस फैसले में राहत मिली है। हाईकोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि में कोई बदलाव नहीं किया, लेकिन एक साल की सजा को घटाकर जेल में पहले से बिताए समय तक कर दिया। रिकॉर्ड के मुताबिक, अफरोज करीब नौ महीने और नगीना तीन महीने से अधिक समय जेल में रह चुकी थीं। अदालत ने दोनों को जमानत बांड की जिम्मेदारी से भी मुक्त कर दिया।
इस तरह हाईकोर्ट के फैसले से तीनों को राहत मिली है। तस्लीम खान की करीब 12 साल बाद रिहाई का रास्ता साफ हो गया है, हालांकि उसकी रिहाई इस शर्त पर होगी कि वह किसी अन्य मामले में वांछित न हो।