एसआईआर में छूटे मतदाताओं को 18 नवंबर को मिलेगा दोबारा फॉर्म भरने का मौका, 17.53 लाख मामले लंबितBy Mid Time Bureau Thu, 12 November 2026 07:18 PM

रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस की ओर से महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और महासचिव सह मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव शामिल हुए। बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी के लगातार प्रयासों के बाद चुनाव आयोग ने एसआईआर की निर्धारित समय-सीमा बढ़ा दी है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, आगामी 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की संयुक्त बैठक होगी। इसमें पांच अगस्त को प्रकाशित एएसडीडी सूची को दोबारा पढ़कर सुनाया जाएगा और उसका सत्यापन किया जाएगा। सूची से छूटे पात्र मतदाताओं को फिर से गणना प्रपत्र भरने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा लंबित नोटिसों की समीक्षा होगी और नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भी भरा जाएगा।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि राज्य में अभी एसआईआर के तहत करीब 17 लाख 53 हजार मामलों का निष्पादन बाकी है। इनमें नौ लाख नो-मैपिंग, छह लाख 12 हजार तार्किक विसंगति और दो लाख 15 हजार अन्य मामलों के अलावा 26 हजार अन्य मामले शामिल हैं। वहीं, मतदाताओं की ओर से जमा किए गए आवेदनों का निपटारा भी लंबित है। इनमें फॉर्म-6 के 5.78 लाख, फॉर्म-7 के 1.35 लाख और फॉर्म-8 के एक लाख आवेदन शामिल हैं।

कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से सभी लंबित मामलों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निष्पादन करने की मांग की है। शाहदेव ने कहा कि 18 नवंबर की बैठक एसआईआर प्रक्रिया के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने बताया कि राज्य का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक, जिसकी उम्र एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक उसका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वह अपना नाम, पता, विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र संख्या की जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के व्हाट्सएप नंबर 6200079297 पर भेज सकता है। इसका उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है।