रांची में उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाबBy Mid Time Bureau Mon, 16 November 2026 11:58 AM

Ranchi: रांची में सोमवार की सुबह आस्था और भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। उगते सूर्य की पहली किरण के साथ ही राजधानी के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में सूप, दउरा और पूजन सामग्री लिए व्रती घाटों पर पहुंचे और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सूर्य की लालिमा आसमान में फैलते ही घाटों पर पूजा-अर्चना का सिलसिला तेज हो गया। व्रतियों के साथ उनके परिजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस अनुष्ठान के साक्षी बने। कहीं महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाती नजर आईं, तो कहीं परिवार के सदस्य एक-दूसरे का हाथ थामे पूजा में शामिल हुए। छठ गीतों और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

चार दिनों तक चले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हुई थी। इसके बाद खरना और संध्या अर्घ्य के अनुष्ठान पूरे किए गए। सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत संपन्न हुआ।

छठ के लिए दूसरे शहरों और दूर-दराज के इलाकों से भी लोग अपने घर लौटे थे। यही वजह रही कि घरों से लेकर घाटों तक पूरे पर्व के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

अर्घ्य के बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को ठेकुआ और प्रसाद बांटा। इसी के साथ चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो गया।