
झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर राज्यभर में 15 दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 15 नवंबर को स्वच्छता के संदेश के साथ 'रन फॉर क्लीनलिनेस' से हो चुकी है। वहीं, 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह के साथ इस आयोजन का समापन होगा। इस दौरान खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और जनभागीदारी से जुड़े कई आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम के पहले दिन यानी 15 नवंबर को सुबह 7 से 8 बजे तक राज्य के सभी जिलों में स्वच्छता के लिए दौड़ आयोजित की गई। अलग-अलग जिलों में प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों से इस दौड़ को रवाना किया गया। इसका समापन प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ हुआ। इस पहल के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और अभियान में उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया गया।
वहीं, 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें खेलकूद के अलावा नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन और अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल रहेंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर दिखाने का मौका दिया जाएगा।
जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और टीमों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में होने वाले राज्यस्तरीय आयोजनों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। वहीं, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन के तहत 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें अलग-अलग विभागों के साथ राज्य के सभी जिलों के स्टॉल होंगे। विभागीय स्टॉल के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं, जिलों के स्टॉल पर स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा नवाचार और नई पहलों पर आधारित विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को होने वाले मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही, अलग-अलग योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें झारखंड की लोककला, परंपराओं, संस्कृति और विविधता की झलक देखने को मिलेगी।
कुल मिलाकर, स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर आयोजित यह पखवाड़ा स्वच्छता, सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय प्रतिभाओं और विकास योजनाओं को एक मंच पर लाने की पहल है।